औरैया में गैंगस्टर एक्ट की बड़ी कार्रवाई, चार गिरोहों पर शिकंजा

WhatsApp Channel Join Now

औरैया, 05 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग गिरोहों पर मुकदमे दर्ज किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति से गैंग चार्ट मंजूर होने के बाद की गई।

कोतवाली औरैया क्षेत्र में कमलेश पाठक ने गैंग के खिलाफ रंगदारी, हत्या सहित अन्य गंभीर मामलों में केस दर्ज किया है। वहीं मयंक दुबे गैंग पर युवाओं को गुमराह कर आपराधिक गतिविधियों में शामिल करने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार भी किया है।

अजीतमल थाना क्षेत्र में रमाकांत चिकवा गिरोह पर चोरी की वारदातों को लेकर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है। इसके अलावा एरवाकटरा थाना क्षेत्र में मनोज दोहरे गैंग पर गोवंश तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों में कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि कई आरोपितों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि फरार आरोतियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। इस कार्रवाई से जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story