औरैया : गणेश विसर्जन से पहले भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
- हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद, पंडालों में गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे
औरैया, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में गणेश महोत्सव के समापन एवं प्रतिमाओं के विसर्जन से पूर्व क्षेत्र के ग्राम मौहारी में विभिन्न स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं के समक्ष रविवार को भंडारे का आयोजन किया गया। प्राचीन हनुमान मंदिर, काली माता मंदिर और फुटेकुआ स्थित गणेश पंडाल में आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी। भक्तों ने श्रद्धाभाव के साथ प्रसाद ग्रहण कर भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान गणेश पंडालों में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए पूजा-अर्चना की।
भंडारे के आयोजन में धीरज मिश्रा, कुलदीपक शुक्ला, कप्तान सिंह, शिववीर, रामवीर, विनीत, ब्रजऋषि, कमलेश, मृतुन्जय, प्रमोद, मनोज, नीलू, रवि शर्मा, सौरभ, अन्नू, विवेक सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द मजबूत होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

