औरैया : एफएसडीए की टीम ने मिलावटी खाद्य सामग्री के खिलाफ चलाया अभियान, फफूंदी लगे 20 किलो मोतीचूर के लड्डू कराए नष्ट
औरैया, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को बिधूना कस्बे में छापेमारी की। इस दौरान दो मोतीचूर लड्डू निर्माण इकाइयों की जांच कर बूंदी और मोतीचूर के लड्डू के नमूने लिए गए। एक इकाई में फफूंदी लगे 20 किलोग्राम लड्डू मिलने पर उन्हें गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास ने बताया कि टीम ने सबसे पहले रामलीला मैदान स्थित मोतीचूर लड्डू निर्माण इकाई पर छापा मारा। यहां भंडारित बूंदी और मोतीचूर के लड्डू के नमूने लिए गए। इसके बाद मोहल्ला किशोरगंज स्थित दूसरी निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। यहां भी बूंदी और मोतीचूर के लड्डू के नमूने संग्रहित किए गए। जांच के दौरान करीब 20 किलोग्राम मोतीचूर के लड्डू फफूंदी लगे पाए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत पाए गए इन लड्डुओं को मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया।
इसके बाद टीम ने चंद्रपुर तिराहा स्थित ठेलों की जांच की। यहां खुले में रखी रंगीन आलू फिंगर को नष्ट कराया गया। खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों का प्रयोग नहीं करने की चेतावनी दी गई। संबंधित कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान लिए गए सभी नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक की प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूनों में मिलावट पाई जाती है तो संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री की जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें। इस दौरान खाद्य कारोबारियों और आमजन को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

