औरैया : सावन के पहले सोमवार पर देवकली धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब,'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजा परिसर

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : सावन के पहले सोमवार पर देवकली धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब,'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजा परिसर


औरैया, 03 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सावन के पहले सोमवार पर शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर बीहड़ों के बीच स्थित प्राचीन देवकली धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के सुबह से ही हजारों महिला-पुरुष और युवा भक्त भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक व दर्शन के लिए मंदिर पहुंचने लगे। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगल की कामना की। मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं, लेकिन श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का भाव बना हुआ है। स्वयंसेवकों ने कतार व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं में सहयोग कर श्रद्धालुओं की सहायता की।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था के लिए मंदिर परिसर व आसपास पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की ओर से पहले ही आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पूर्व में मंदिर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी लगातार निगरानी रखी गई।

मंदिर के बाहर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। पूजन सामग्री, प्रसाद, खिलौनों और खानपान की दुकानों पर दिनभर रौनक रही। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया तो श्रद्धालुओं ने खरीदारी भी की। पूरे दिन देवकली धाम भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का केंद्र बना रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story