औरैया : घर के बंद कमरे में मिला अधेड़ का सड़ा शव, बेटे ने पिता मानने से किया इनकार

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : घर के बंद कमरे में मिला अधेड़ का सड़ा शव, बेटे ने पिता मानने से किया इनकार


बंद कमरे में मिला अधेड़ का सड़ा शव, बेटे ने पिता मानने से किया इनकार

औरैया, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के ककोर बुजुर्ग गांव में एक अधेड़ व्यक्ति का सड़ा-गला शव बीती रात बुधवार को उसके घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। घर से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों और परिजनों को घटना की सूचना पुलिस को दी थी।

जानकारी के अनुसार, ककोर बुजुर्ग निवासी अरविंद तिवारी (५०)पुत्र शरद तिवारी अपने घर में अकेले रहते थे। वह एक सिक्योरिटी ऑफिस में कार्यरत थे। बुधवार रात करीब 10 बजे उनके भतीजे अभिषेक ने घर से तेज बदबू आने पर कमरे में जाकर देखा तो चाचा अरविंद का शव पड़ा मिला। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही ककोर चौकी प्रभारी आनंदी कुमारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।

पुलिस ने गुरुवार को परिजनों के थाने पहुंचने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस मामले परिजनों ने बताया कि मृतक अरविंद तिवारी शराब पीने के आदी थे और लंबे समय से अकेले रह रहे थे। उनकी पत्नी की मृत्यु करीब 10 से 12 वर्ष पहले हो चुकी थी। उनका एक पुत्र है, जो बचपन से ही अपने ननिहाल इटावा में रह रहा है। बताया गया कि पिता-पुत्र के संबंध लंबे समय से खराब चल रहे थे।

घटना के बाद जब पिता अरविंद की मौत के बारे में पुत्र को जानकारी दी गई तो उसने आने से साफ इनकार कर दिया। उसने पुलिस और परिजनों से कहा कि “जिस दिन उसकी मां की मृत्यु हुई थी, उसी दिन से उसके लिए उसके पिता भी मर चुके हैं।”

परिजनों के अनुसार, मृतक अरविंद ने भी कभी अपने बेटे को अपने साथ रखने का प्रयास नहीं किया।

मृतक के चाचा विपिन तिवारी सहित अन्य परिजनों ने अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी संभाली। सूचना मिलते ही मृतक की बहनें सीमा और संध्या भी घर पहुंच गईं।

ककोर चौकी प्रभारी आनंदी कुमारी ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story