खेत में मिला बस हेल्पर का शव, हत्या की आशंका से सनसनी

WhatsApp Channel Join Now
खेत में मिला बस हेल्पर का शव, हत्या की आशंका से सनसनी


औरैया, 02 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के एरवा कटरा थाना क्षेत्र के उमरैन कस्बे में गुरुवार को एक खेत में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही एरवा कटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों ने शव की पहचान उमरैन निवासी 36 वर्षीय शिवरतन उर्फ करिया बाथम पुत्र स्वर्गीय कृपाल बाथम के रूप में की। मृतक की मां ज्ञानवती का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं मृतक के छोटे भाई शीलू बाथम ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मौत के सही कारणों की जांच कराने की मांग की है।

परिजनों के मुताबिक शिवरतन बिधूना से दिल्ली जाने वाली स्लीपर बस में हेल्पर का काम करता था। वह 28 जून को घर वापस आया था। दोपहर में नहाने के बाद वह गांव में चला गया, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने समझा कि वह ड्यूटी पर दिल्ली चला गया होगा, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। ग्रामीणों के अनुसार शव बुरी तरह फूल चुका था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक की मौत करीब चार से पांच दिन पहले हो चुकी थी।

प्रभारी थाना इंचार्ज उपनिरीक्षक विमल सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story