औरैया : कनेक्शन कटने के 9 साल बाद किसान को मिली 7.79 लाख की आरसी

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : कनेक्शन कटने के 9 साल बाद किसान को मिली 7.79 लाख की आरसी


किसान का 2017 में मीटर जमा करने का दावा, एसडीएम ने विद्युत विभाग से मांगी रिपोर्ट

औरैया, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला एक मामला अजीतमल तहसील क्षेत्र में सामने आया है। ग्राम जगनपुर निवासी एक किसान को वर्ष 2017 में विद्युत कनेक्शन कटवाने और मीटर विभाग में जमा करने के बावजूद करीब नौ वर्ष बाद 7,79,652 की बकाया वसूली की आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर दी गई। तहसील से नोटिस मिलने के बाद किसान और उसका परिवार सकते में है।

ग्राम जगनपुर निवासी रामकुमार पुत्र श्रीराम ने अधिकारियों को मंगलवार को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में अपने विद्युत कनेक्शन संख्या 100339 को नियमानुसार स्थायी रूप से कटवा दिया था। विभाग ने 28 दिसंबर 2017 को मीटर सीलिंग (पीडी) का प्रमाण पत्र जारी किया था, जिसके बाद उन्होंने मीटर भी विभाग में जमा कर दिया। उनका कहना है कि इसके बाद न तो उन्होंने उक्त कनेक्शन का उपयोग किया और न ही उनके नाम बिजली आपूर्ति जारी रही।

पीड़ित रामकुमार के अनुसार, जुलाई 2026 में तहसील अजीतमल से उनके नाम 7,79,652 रुपये की बकाया वसूली की आरसी जारी कर दी गई। संग्रह अमीन उनके घर पहुंचा और निर्धारित समय में राशि जमा करने का नोटिस थमा दिया। इतने बड़े बकाये की जानकारी मिलने पर किसान हैरान रह गया। उसका कहना है कि जब कनेक्शन वर्षों पहले विधिवत समाप्त हो चुका था, तो इतनी बड़ी बकाया राशि कैसे निकल आई।

पीड़ित किसान ने विद्युत विभाग के अधिकारियों तथा उपजिलाधिकारी अजीतमल को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और विभागीय अभिलेखों की जांच कर आरसी निरस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि विभागीय स्तर पर कोई त्रुटि हुई है तो उसका खामियाजा उन्हें नहीं भुगतना चाहिए।

उपजिलाधिकारी अजीतमल सुशांत श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में विद्युत विभाग से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। जांच तहसीलदार को सौंपी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story