औरैया में फूलन देवी जयंती के जुलूस को लेकर विवाद, तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात
-फूलन देवी जयंती के जुलूस को लेकर विवाद, दोनों पक्षों ने दी तहरीर
-असेवा गांव में तनाव के बाद पुलिस बल तैनात, जांच शुरू
औरैया, 13 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अयाना थाना क्षेत्र के असेवा गांव में पूर्व सांसद फूलन देवी निषाद की जयंती पर जुलूस निकालने को लेकर हुए विवाद के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी देर रात पुलिस को तहरीर दी गई। राधेश्याम, जयवीर और श्यामसिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि जुलूस निकालने के दौरान गांव के 24 लोगों ने उनके साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।
इससे पहले ग्रामीणों की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में जुलूस के दौरान बिना अनुमति डीजे बजाने, आपत्तिजनक गाने चलाने, तमंचे लहराने और हवाई फायरिंग करने के आरोप लगाए गए थे। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। एसआई राजानाती के नेतृत्व में पुलिस गांव में निगरानी कर रही है। वहीं, बबाइन चौकी प्रभारी एसआई रमेश चंद को मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस दोनों पक्षों से विवाद के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। अयाना थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

