घर में लगी आग से एक लाख का सामान राख, ग्रामीणों ने पाया काबू

WhatsApp Channel Join Now
घर में लगी आग से एक लाख का सामान राख, ग्रामीणों ने पाया काबू


औरैया, 18 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के जलोखर गांव में शनिवार की दोपहर मकान में आग लगने से करीब एक लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने शेष धधक रही आग को बुझाकर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में कर ली।

ग्रामीणों के अनुसार, जलोखर निवासी नीलू के घर में अचानक आग लग गई।

आशंका है कि घर के पास से गुजर रही बिजली लाइन की वजह से आग लगी। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। दमकल के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था।

अग्निकांड में घर के अंदर रखा बेड, कपड़े, बच्चों के स्कूल का सामान, राशन सहित करीब एक लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने बताया कि जलोखर में मकान में आग लगने की सूचना पर दमकल टीम मौके पर पहुंची थी। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और जहां-जहां धुआं उठ रहा था, वहां पानी डालकर आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली लाइन से संबंधित माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story