औरैया : नई चकबंदी पर रोक की मांग, किसानों ने जिलाधिकारी से की शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : नई चकबंदी पर रोक की मांग, किसानों ने जिलाधिकारी से की शिकायत


औरैया, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद सदर तहसील के राजस्व गांव कंचौसी में चल रही चकबंदी प्रक्रिया को लेकर किसानों ने अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार से नई चकबंदी पर रोक लगाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि चकबंदी अधिकारियों की कार्यशैली से उपजाऊ भूमि का गलत आवंटन किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

सोमवार को सैकड़ों किसान जिला मुख्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने लेखपाल, कानूनगो तथा एसीओ (सहायक चकबंदी अधिकारी) पर अनियमितताओं के आरोप लगाए। उनका कहना है कि पुरानी चकबंदी में खेत सही स्थान पर थे, लेकिन नई प्रक्रिया में उपजाऊ जमीन का इधर-उधर आवंटन किया जा रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि कुछ दबंग लोगों की मिलीभगत से यह हेरफेर किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने किसानों को मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया है। किसानों ने जनहित में नई चकबंदी प्रक्रिया पर रोक लगाकर पुरानी व्यवस्था को यथावत रखने की मांग की है।

ज्ञापन देने वालों में शिशुपाल सिंह, राकेश तिवारी, ठाकुर जगत सिंह, राकेश सिंह, ओमप्रकाश ठाकुर, सत्यनारायण प्रजापति, कुलदीप सविता, बब्बी वाल्मीकि, धर्मेंद्र दोहरे, रवि तिवारी, संतोष चौबे, राजेश गुप्ता (लल्ली), राम किशोर सिंह, कैलाश सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story