रोजगार मेलों से युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
रोजगार मेलों से युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर


जिलाधिकारी ने कैरियर काउंसिलिंग और रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश दिए

औरैया, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया में युवाओं को उनकी योग्यता, कौशल और रुचि के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला कार्यकारी समिति की बैठक हुई। इसमें रोजगार मेलों, कैरियर काउंसिलिंग और रोजगार संगम पोर्टल के जरिए युवाओं को रोजगार से जोड़ने की कार्ययोजना की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए नियमित रूप से रोजगार मेले आयोजित कर उनमें अधिक से अधिक नियोजकों और प्रतिष्ठित कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

उन्होंने कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि युवाओं को केवल नौकरी के अवसरों की जानकारी देने के बजाय विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर विकल्प, आवश्यक शैक्षिक योग्यता, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार की संभावनाओं के बारे में भी मार्गदर्शन दिया जाए। इससे युवा अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर का चयन कर सकेंगे।

बैठक में आगामी रोजगार मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिक से अधिक कंपनियों और नियोजकों से संपर्क कर रिक्तियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों को मेले की जानकारी समय से उपलब्ध कराने, उनका पंजीकरण कराने और अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

रोजगार संगम पोर्टल पर बेरोजगार अभ्यर्थियों के पंजीकरण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को युवाओं को पोर्टल के उपयोग, उपलब्ध रोजगार अवसरों और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि रोजगार मेले महज औपचारिकता न बनें, बल्कि अधिकाधिक युवाओं को वास्तविक रोजगार से जोड़ने के परिणामपरक प्रयास किए जाएं। चयन के बाद भी अभ्यर्थियों के रोजगार की स्थिति का फॉलोअप किया जाए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से रोजगार सृजन और रोजगार उपलब्धता से जुड़ी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र युवाओं तक उनका लाभ पहुंचाएं।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र कुमार शशि, श्रम परिवर्तन अधिकारी रीमा सिंह, यूपीएससीडीएम अतुल सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story