औरैया : अजीतमल क्षेत्र में 48 घंटे से बिजली गुल, दर्जनों गांवों में पेयजल संकट गहराया

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : अजीतमल क्षेत्र में 48 घंटे से बिजली गुल, दर्जनों गांवों में पेयजल संकट गहराया


औरैया, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच अजीतमल विद्युत उपकेंद्र के अन्तर्गत आने वाले अनन्तराम ग्रामीण फीडर की आपूर्ति पिछले 48 घंटे से ठप पड़ी है। इससे अमावता, मौहारी, प्रतापपुर, सहबाजपुर, तुमरिहा, फूलपुर, भोरेपुर, पचदेवरा समेत दर्जनों गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। बिजली न मिलने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और पेयजल संकट भी गहरा गया है।

जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण अनन्तराम ग्रामीण फीडर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते पिछले दो दिनों से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। बिजली नहीं होने से घरों में लगी पानी की मोटरें बंद हैं, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूर-दराज स्थित हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ रहा है। पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करना भी चुनौती बन गया है।

बिजली संकट का असर विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम नागरिकों की दिनचर्या पर भी पड़ा है। लोगों को स्नान, भोजन बनाने और अन्य दैनिक कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय पूरे क्षेत्र में अंधेरा पसरा रहने से लोगों में असुरक्षा की भावना भी बढ़ गई है।

ग्रामीण दीनानाथ, जगजीवन लाल, सुखदेव, कल्लू, इमरती लाल ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार 48 घंटे से बिजली न आने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।

इस संबंध में अजीतमल विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story