प्राथमिक विद्यालय में जमीन पर बैठाकर बच्चों की पढ़ाई का वीडियो वायरल, बीएसए ने दिए जांच के आदेश

WhatsApp Channel Join Now
प्राथमिक विद्यालय में जमीन पर बैठाकर बच्चों की पढ़ाई का वीडियो वायरल, बीएसए ने दिए जांच के आदेश


औरैया, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर विकास खंड क्षेत्र के ग्राम बिझालपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को खुले आसमान के नीचे जमीन पर बैठाकर पढ़ाए जाने का वीडियो बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने शिक्षा व्यवस्था तथा विद्यालय प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं।

वायरल वीडियो में विद्यालय के बच्चे खुले मैदान में जमीन पर बैठकर पढ़ाई करते दिखाई दे रहे हैं। बच्चों के बैठने के लिए न तो फर्नीचर का उपयोग किया जा रहा है और न ही पट्टी या चटाई की कोई व्यवस्था नजर आ रही है। ऐसे में भीषण गर्मी और बरसात के मौसम में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए फर्नीचर समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। इसके बावजूद यदि बच्चों को खुले आसमान के नीचे जमीन पर बैठाकर पढ़ाया जा रहा है तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि किसी कारणवश कक्षाओं में पढ़ाई संभव नहीं थी, तब भी बच्चों के बैठने की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए थी, ताकि उन्हें असुविधा का सामना न करना पड़े।

वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अभिभावकों ने बच्चों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story