औरैया पुलिस में स्मार्ट पुलिसिंग की नई पहल, तीन थानों में ई-मालखाना शुरू

WhatsApp Channel Join Now
औरैया पुलिस में स्मार्ट पुलिसिंग की नई पहल, तीन थानों में ई-मालखाना शुरू


औरैया, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में औरैया पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जनपद के तीन थानों - कोतवाली औरैया, दिबियापुर और कुदरकोट में ई-मालखाना व्यवस्था का विधिवत गुरुवार को शुभारंभ किया गया। इस व्यवस्था से माल मुकदमाती के रख-रखाव, विवरण और प्रबंधन को डिजिटल एवं व्यवस्थित किया जाएगा। इससे अभिलेखों के डिजिटलीकरण के साथ मालखाने से जुड़ी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ने की उम्मीद है।

वहीं, कोतवाली औरैया परिसर में नवनिर्मित “अनुपम वाटिका” का भी शुभारंभ किया गया।

कानपुर जोन एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती एवं अन्य अधिकारियों के साथ फीता काटकर वाटिका का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य पुलिस परिसर को स्वच्छ, हरा-भरा और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना है, ताकि पुलिसकर्मियों को कार्य के बीच शांतिपूर्ण एवं सुखद माहौल मिल सके।

इसके अलावा ऑपरेशन कनविक्शन के तहत प्रभावी पैरवी करने वाले अभियोजन अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

औरैया के चर्चित दोहरे हत्याकांड में 10 हत्याभियुक्तों को आजीवन सश्रम कारावास की सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जिला शासकीय अधिवक्ता अभिषेक मिश्रा, एडीजीसी क्राइम चन्द्रभूषण तिवारी, कोर्ट मोहर्रिर का. विनय सिंह और न्यायालय पैरोकार का. अनूप कुमार को सम्मानित किया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि प्रभावी पैरवी, अभियोजन और पुलिस के बेहतर समन्वय से न्यायालय में अभियुक्तों को कठोर सजा दिलाने में सफलता मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story