औरैया : सेंगर नदी में डूबे दो बालक, तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : सेंगर नदी में डूबे दो बालक, तलाश जारी


औरैया, 26 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सबलपुर के मजरा टीका का नगला में गुरुवार शाम लगभग चार बजे सेंगर नदी में नहाने गए दो मासूम बालक डूब गए। नदी में बालकों के डूबने की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और जिला व पुलिस प्रशासन गोताखोर की मदद से नदी में बच्चों की तलाश कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार टीका का नगला निवासी भुवनेश पाल के यहां उनके एक रिश्तेदार का पुत्र आया हुआ था। गुरुवार को भुवनेश का पुत्र हिमांशु अपने रिश्तेदार नितिन पुत्र राकेश निवासी औरैया नगर के साथ गांव के पास स्थित सेंगर नदी में नहाने गए थे। दोनों बच्चों ने नदी किनारे अपने कपड़े और जूते-चप्पल उतारकर रख दिए और पानी में उतर गए।

इसी दौरान नदी किनारे मौजूद चरवाहों की नजर बच्चों के कपड़ों पर पड़ी, लेकिन आसपास कोई भी बच्चा दिखाई नहीं दिया। आशंका होने पर उसने शोर मचाया और गांव में सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घबराकर नदी की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और ग्रामीण अपने स्तर पर बच्चों की तलाश में जुट गए।

घटना की सूचना जिला एवं पुलिस प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी अजीतमल निखिल राजपूत एवं अजीतमल कोतवाली प्रभारी ललित त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू कराई। गोताखोरों की मदद से नदी में बालकों की खोजबीन का अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं लग सका था।

इस घटना से गांव में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है। वहीं परिजनों का हाल रो-रोकर बेहाल है। उपजिलाधिकारी अजीतमल निखिल राजपूत ने बताया कि दो बच्चों के नदी में डूबने की तलाश कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story