औरैया : देवकली मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, जिलाधिकारी-एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था परखते हुए कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : देवकली मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, जिलाधिकारी-एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था परखते हुए कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा


मंदिर परिसर और आसपास ड्रोन से की जा रही निगरानी

औरैया, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को प्राचीन देवकली मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलाभिषेक को लेकर प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सोमवार को देवकली मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की कतार, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें व्यवस्थित तरीके से कतारबद्ध कर सुगम रूप से जलाभिषेक कराया जाए।

इसके बाद डीएम-एसपी ने प्रमुख चौराहों, कांवड़ मार्ग और संवेदनशील स्थलों का भी भ्रमण किया। यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के साथ ड्रोन कैमरों से की जा रही निगरानी का निरीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक ने मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे कांवड़ियों और दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। पुष्पवर्षा होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

जिलाधिकारी ने बताया कि श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को देवकली मंदिर में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन और पुलिस बल की मुस्तैदी के चलते श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन एवं जलाभिषेक की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story