जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
औरैया, 06 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में रविवार को कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जनपद स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जनगणना कार्य से संबंधित तैयारियों, कार्मिकों के प्रशिक्षण, क्षेत्र निर्धारण, विभागीय समन्वय और निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से सूचनाएं जुटाने की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में लगाए गए सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित दिशा-निर्देशों व प्रश्नावली का गंभीरता से अध्ययन कर लें। उन्होंने कहा कि प्रगणक प्रत्येक मकान और परिवार तक पहुंचकर निर्धारित प्रश्नों के आधार पर ही सूचनाएं दर्ज करें। कोई भी परिवार जनगणना से छूटने न पाए और सूचनाओं के संकलन में त्रुटि की गुंजाइश न्यूनतम रहे।
उन्होंने प्रगणकों व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण, क्षेत्रवार कार्य आवंटन, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और तकनीकी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी समन्वय व्यवस्था बनाए रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इससे प्राप्त आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं, नीतियों तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के बेहतर नियोजन में आधार प्रदान करते हैं। इसलिए सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन गंभीरता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ करें। उन्होंने जनगणना से जुड़ी सूचनाओं की गोपनीयता, शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। आमजन को भी जनगणना कार्य में सहयोग करने और प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अविनाश चंद्र मौर्य, सभी उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विपिन पाल, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका व नगर पंचायत समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और जनपद स्तरीय समिति के सदस्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

