जिलाधिकारी ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पर दिया जोर


औरैया, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार ने सोमवार को विकासखंड सहार के प्राथमिक विद्यालय असेनी तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय दिबियापुर का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षिक एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय व मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था देखी।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षिक प्रगति और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करने, कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने और रुचिकर शिक्षण पद्धतियां अपनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में नियमित उपस्थिति, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालय परिसर में स्वच्छता, पेयजल और शौचालय की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ उपलब्ध संसाधनों का विद्यार्थियों के हित में प्रभावी उपयोग करने को कहा।

डीएम ने अभिभावकों से भी बातचीत कर विद्यालय की गतिविधियों और सुविधाओं की जानकारी ली। इसके अलावा पूर्व माध्यमिक विद्यालय दिबियापुर परिसर स्थित आधार पंजीकरण एवं संशोधन केंद्र का निरीक्षण कर प्रक्रिया, अभिलेख और शुल्क संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा आमजन से भी वार्ता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story