औरैया : जिलाधिकारी ने विकासखंड भाग्यनगर का किया औचक निरीक्षण, लापरवाह कर्मियों पर जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : जिलाधिकारी ने विकासखंड भाग्यनगर का किया औचक निरीक्षण, लापरवाह कर्मियों पर जताई नाराजगी


जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने विकासखंड भाग्यनगर का किया औचक निरीक्षण

औरैया, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने गुरुवार को विकासखंड भाग्यनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विकासखंड में तैनात शिव शरण सिंह भदौरिया, ललित कुमार, आकाशदीप शुक्ला तथा आस्था दीक्षित द्वारा उपस्थिति पंजिका में भ्रमण अंकित किया गया था।

जिलाधिकारी ने जब भ्रमण पंजिका का निरीक्षण किया तो उसमें किसी प्रकार की प्रविष्टि दर्ज नहीं पाई गई।

इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्मिकों के प्रति नाराजगी जताते हुए खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि अग्रिम आदेशों तक उपरोक्त सभी कर्मचारियों का वेतन आहरित न किया जाए। इसके अतिरिक्त संतोष कुमार तिवारी के कॉलम में हस्ताक्षर न मिलने पर उनका वेतन भी अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने विकासखंड भाग्यनगर के ग्राम महाराजपुर बहादुर सिंह स्थित किसान नगर में शारदा नहर परियोजना क्षेत्रीय कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय के कार्मिक जाहर सिंह ने जानकारी दी कि किसान नगर के नाम दर्ज लगभग 2.5 हेक्टेयर भूमि पर स्थानीय किसानों द्वारा अतिक्रमण किया गया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि तहसील प्रशासन से समन्वय स्थापित कर भूमि का सीमांकन कराया जाए तथा भूमि की तारबंदी कर उसे सुरक्षित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख भाग्यनगर, खंड विकास अधिकारी भाग्यनगर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story