बाढ़ से निपटने की तैयारियां समय से पूरी करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ से निपटने की तैयारियां समय से पूरी करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : जिलाधिकारी


औरैया, 30 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने सभी संबंधित विभागों को समय रहते बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को बाढ़ सुरक्षा से जुड़े निर्माण एवं मरम्मत कार्य समय पर पूरा कराने, संभावित विस्थापित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान चिह्नित कर वहां पेयजल, शौचालय, प्रकाश, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओं के लिए चारा-भूसा, सुरक्षित आश्रय स्थल और टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, एंटी स्नेक वेनम और अन्य जीवनरक्षक औषधियों का पर्याप्त भंडारण रखने तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों में टीकाकरण, फॉगिंग और संक्रमण रोकथाम अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को जर्जर पोलों और लाइनों का सर्वे कर उन्हें बदलने तथा आपात स्थिति में त्वरित मरम्मत दल सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने नावों और प्रशिक्षित गोताखोरों की अद्यतन सूची तैयार करने, विद्यालयों की सुरक्षा जांच कराने तथा नगर निकायों को नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा दवा का नियमित छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद संक्रामक बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए सभी विभाग अभी से समन्वित रणनीति के साथ कार्य करें ताकि जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अविनाश चन्द्र मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story