बारिश के बाद शुरू हुई धान की रोपाई, खेतों में बढ़ी किसानों की रौनक
औरैया, 09 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में हुई अच्छी बारिश के बाद किसानों ने धान की रोपाई शुरू कर दी है। खेतों में पर्याप्त पानी और नमी मिलने से गांव-गांव में धान की रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है। खेतों में किसान और मजदूर सुबह से शाम तक रोपाई में जुटे हैं, जिससे खरीफ सीजन की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
बारिश के बाद अधिकांश किसानों ने ट्रैक्टर और रोटावेटर से खेत तैयार कर लिए हैं। जिन किसानों की धान की नर्सरी पहले से तैयार थी, उन्होंने रोपाई शुरू कर दी है। खेतों में महिलाओं और पुरुषों की टोली धान की पौध रोपते हुए दिखाई दे रही है। किसान संदीप , प्रेम शंकर, उदय, राम रतन का कहना है कि समय पर हुई बारिश से फसल की अच्छी शुरुआत हुई है और सिंचाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी बचेगा।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को मौसम के अनुसार रोपाई करने, खेतों में उचित जलस्तर बनाए रखने तथा संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो इस वर्ष धान की पैदावार बेहतर होने की पूरी संभावना है।
बारिश के बाद शुरू हुई धान की रोपाई से किसानों में उत्साह का माहौल है। उन्हें उम्मीद है कि मौसम का साथ मिलने पर इस बार अच्छी पैदावार होगी और उनकी आय में भी बढ़ोतरी होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

