सोशल मीडिया ने समाज को जोड़ा या दूर किया? विद्यार्थियों ने तर्कों से छेड़ी रोचक बहस

WhatsApp Channel Join Now
सोशल मीडिया ने समाज को जोड़ा या दूर किया? विद्यार्थियों ने तर्कों से छेड़ी रोचक बहस


औरैया, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में श्री जनता इंटर कॉलेज अजीतमल में समाजशास्त्र क्लब के तत्वावधान में मंगलवार को वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

समाजशास्त्र प्रवक्ता डॉ. अजय कुमार सिंह के संयोजन में आयोजित प्रतियोगिता का विषय “सोशल मीडिया ने हमें समाज से जोड़ा है या दूर कर दिया है” रहा। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल और सामाजिक जागरूकता विकसित करना रहा।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विषय के पक्ष और विपक्ष में प्रभावशाली एवं तर्कपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों को उदाहरणों के साथ सामने रखा।

पक्ष में विचार प्रस्तुत करने वाली कक्षा 11 की छात्रा लक्ष्मी को पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि विपक्ष में प्रभावी तर्क रखने वाले कक्षा 11 के छात्र प्रशान्त को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा परवीन, श्वेता, जानवी और जय कुमार ने भी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण मोहन उपाध्याय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वाद-विवाद जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में विचार करने, तर्क प्रस्तुत करने और लोकतांत्रिक ढंग से अपनी बात रखने की क्षमता विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसी रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में जीवविज्ञान प्रवक्ता देवेंद्र कुमार, अंग्रेजी प्रवक्ता राजबाला और संस्कृत प्रवक्ता डॉ. बृजेश कुमार सिंह शामिल रहे। डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने सोशल मीडिया के प्रभाव एवं दुष्प्रभाव पर प्रकाश डाला। राजबाला ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए सोशल मीडिया के लाभदायक पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।कार्यक्रम में डॉ. अजय कुमार सिंह, अनुपम कटारे और नकुल देववंशी ने विद्यार्थियों को विषय की सामाजिक प्रासंगिकता तथा वर्तमान डिजिटल परिवेश के संदर्भ में संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया आज संवाद, सूचना और सामाजिक सहभागिता का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है, लेकिन इसके अत्यधिक और असंतुलित प्रयोग से सामाजिक दूरी, समय की बर्बादी तथा वास्तविक मानवीय संबंधों में कमी जैसी चुनौतियां भी सामने आ रही हैं।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया स्वयं न तो वरदान है और न अभिशाप, बल्कि उसका प्रभाव इस बात पर निर्भर करता है कि हम उसका उपयोग किस प्रकार करते हैं। उन्होंने कहा कि “सोशल मीडिया रिश्तों का विकल्प नहीं, बल्कि रिश्तों को मजबूत करने का माध्यम बने। कनेक्शन बढ़े, लेकिन कनेक्शन के साथ संवाद और संवेदना भी बनी रहे।”

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि हाथ में मोबाइल हो, लेकिन दिल में समाज भी होना चाहिए। दुनिया से जुड़ें, मगर अपनों से न टूटें। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी बात रखने के साथ-साथ तकनीक के जिम्मेदार और रचनात्मक उपयोग का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाजशास्त्र प्रवक्ता डॉ. अजय कुमार सिंह एवं बृजेश कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story