औरैया : निचली रामगंगा नहर में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पुलिस
औरैया, 27 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद दिबियापुर थाना क्षेत्र के कंचौसी में ऑटो स्टैंड के पास स्थित निचली रामगंगा नहर में सोमवार दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने तत्काल कंचौसी चौकी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सौरभ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला गया। शव मिलने की खबर फैलते ही नहर पुल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने लोगों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस ने मौके पर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शव की हालत काफी खराब होने के कारण अनुमान लगाया जा रहा है कि वह करीब एक सप्ताह पुराना हो सकता है। चौकी प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि अज्ञात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही पहचान के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

