हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आईं दो सगी बहनें, एक की मौत, दूसरी की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now

औरैया, 03 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के सहायल थाना क्षेत्र के भितरा गांव में बुधवार देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर खेल रहीं दो सगी बहनें हाईवोल्टेज विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। उपचार के दौरान एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, भितरा गांव निवासी सुशील कुमार की बेटियां अनाया और करीब 9 वर्षीय गौरी बुधवार देर शाम घर की छत के छज्जे के पास खेल रही थीं। इसी दौरान छज्जे के ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज विद्युत लाइन की चपेट में आने से दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसा होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने किसी तरह दोनों बच्चियों को लाइन से अलग किया और तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल चिचौली पहुंचाया।

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए कानपुर के उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान गुरुवार की देर रात गौरी ने दम तोड़ दिया, जबकि अनाया का उपचार जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीण श्यामू पांडेय, रामशरण पांडेय, कृष्ण कुमार और कमलेश कुमार ने बताया कि यदि हाईवोल्टेज लाइन पर सुरक्षा के लिए प्लास्टिक कवर या रबड़ चढ़ी होती तो यह हादसा टल सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कई अन्य स्थानों पर सुरक्षित लाइनें डाली गई हैं, लेकिन भितरा गांव में विभाग ने लापरवाही बरती।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि घटना की सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।

ग्राम प्रधान रामकिशोर उर्फ बब्बन तिवारी ने बताया कि उन्होंने कई बार विद्युत विभाग के एसडीओ और जेई को लिखित रूप से छज्जे के ऊपर से गुजर रही लाइन हटवाने के लिए अवगत कराया था, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।

मासूम बच्ची की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और गांव में गुजर रही खतरनाक विद्युत लाइनों को तत्काल हटाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story