औरैया : ततारपुर कलां में दूसरे दिन भी चला मगरमच्छ के बच्चों का रेस्क्यू, वन विभाग को नहीं मिली सफलता

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : ततारपुर कलां में दूसरे दिन भी चला मगरमच्छ के बच्चों का रेस्क्यू, वन विभाग को नहीं मिली सफलता


औरैया, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम ततारपुर कलां में सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में दिखाई दिए मगरमच्छ के बच्चों की तलाश रविवार को भी जारी रही। वन विभाग की टीम ने बुलडोजर और पंपिंग सेट की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन शाम तक मगरमच्छ के बच्चे नहीं मिल सके।

शनिवार को ग्रामीणों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व मंडल अध्यक्ष अरविंद सेंगर के घर के पास स्थित पानी भरे गड्ढे में मगरमच्छ के बच्चे देखे थे। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पंपिंग सेट से गड्ढे का पानी निकलवाया, लेकिन कीचड़ और घनी झाड़ियों के कारण बच्चों का पता नहीं चल सका।

रविवार को वन दरोगा अभिषेक मिश्रा और रेंजर धर्मवीर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बुलडोजर की सहायता से गड्ढे की झाड़ियां और कीचड़ हटवाया गया तथा पंपिंग सेट दोबारा चलवाकर पानी का स्तर और कम कराया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ के बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन शाम चार बजे तक सफलता नहीं मिली।

रेस्क्यू अभियान के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

वन दरोगा अभिषेक मिश्रा ने बताया कि वन्यजीवों की मैनुअल तरीके से तलाश की जा रही है। जल्द ही मगरमच्छ के बच्चों को सुरक्षित पकड़कर उनके मे यमुना नदी छोड़ा जाएगा। ग्रामीणों से भी गड्ढे के आसपास न जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story