औरैया में पड़ोसी चोर गिरफ्तार, लाखाें की नकदी व चांदी के आभूषण भी बरामद
औरैया, 12 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में थाना दिबियापुर पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए 3.90 लाख रुपये नकद तथा करीब 1.3 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने शुक्रवार काे बताया कि थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर वैसुन्धरा तिराहे से करीब 100-150 मीटर आगे बनी पुलिया के पास से एक अभियुक्त और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, नेहरू नगर निवासी प्रशांत पोरवाल ने 11 जून 2026 को थाना दिबियापुर में तहरीर दी थी कि अज्ञात चोराें ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 5 लाख रुपये नकद और लगभग 2 किलोग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। इस संबंध में थाना दिबियापुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त गोपाल पोरवाल (35 वर्ष) तथा बाल अपचारी ने स्वीकार किया कि उन्होंने 28 मई 2026 को पड़ोसी प्रशांत पोरवाल के घर में चोरी की थी। पकड़े जाने के डर से दोनों ने चोरी का सामान वैसुन्धरा तिराहे के पास झाड़ियों में छिपा दिया था। शुक्रवार तड़के दोनों चोरी के माल का बंटवारा करने पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 3 लाख 90 हजार रुपये नकद, 18 तोड़िया, छह पायल और दो कमरबंद (सफेद धातु/चांदी) बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों का कुल वजन लगभग 1.3 किलोग्राम बताया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त गोपाल पोरवाल के खिलाफ पूर्व में भी चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी टीम में थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक अरुण कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार, शशिकांत तथा अर्जुन सिंह शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

