औरैया : सब्जी लेने निकला सभासद हुआ लापता, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
औरैया, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर नगर पंचायत के वार्ड नेहरूनगर निवासी सभासद राजेश कुमार दोहरे बुधवार तड़के सब्जी खरीदने के लिए नवीन मंडी समिति गए, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने दिबियापुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार दोहरे (51) नगर पंचायत कार्यालय के पास तिराहे पर सब्जी की दुकान लगाते हैं। वह प्रतिदिन सुबह मंडी से सब्जी खरीदकर दुकान पर आते थे। बुधवार सुबह करीब पांच बजे वह घर से मंडी जाने के लिए निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने जब उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन स्विच ऑफ आया।
इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। दोपहर बाद उनके भांजे पंकज पुत्र विद्याराम निवासी नेहरूनगर ने दिबियापुर थाने में गुमशुदगी की तहरीर देकर पुलिस से तलाश की गुहार लगाई।
परिजनों के मुताबिक, पिछले वर्ष बीमारी के चलते उनकी पत्नी का निधन हो गया था। इसके बाद से वह आर्थिक परेशानियों और मानसिक तनाव से भी गुजर रहे थे, जिससे परिवार किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित है।
थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मंडी और आसपास के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संभावित स्थानों पर उनकी तलाश जारी है।
वहीं, पूर्व सभासद धरमपाल सिंह सेंगर परिजनों के साथ फफूंद रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी चौकी पहुंचे और रेलवे पुलिस को भी लिखित सूचना देकर खोजबीन में सहयोग मांगा।
नगर पंचायत के सभासद योगेंद्र सिंह छोटू, राहुल अंबेडकर, राजीव शर्मा और रवि प्रकाश चक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से राजेश कुमार की तलाश के लिए लोगों से सहयोग की अपील की है। देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार का रो-रोकर बेहाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

