सिपाही का हार्ट अटैक से निधन, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई
औरैया, 03 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा थाना क्षेत्र के रूपपुर गांव निवासी सिपाही वीरपाल सिंह का बरेली में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। 40 वर्षीय वीरपाल सिंह बरेली पुलिस लाइन में तैनात थे। गुरुवार सुबह नाश्ता करने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने पत्नी संगीता को इसकी जानकारी दी और कमरे में आराम करने चले गए, लेकिन कुछ देर बाद जब पत्नी ने उन्हें जगाने की कोशिश की, तो वह नहीं उठे।
घबराई पत्नी और पड़ोसियों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी मृत्यु का कारण हार्ट अटैक था। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार देर रात उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव रूपपुर लाया गया। शुक्रवार को अंतिम दर्शन के लिए गांव में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। क्षेत्रीय विधायक प्रदीप यादव सहित पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। थाना प्रभारी पंकज मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी। वीरपाल सिंह 2006 बैच के सिपाही थे और पिछले तीन वर्षों से बरेली पुलिस लाइन में तैनात थे। उनके परिवार में पत्नी संगीता और दो पुत्र शिवा (16 वर्ष) और छोटू (10 वर्ष) हैं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

