औरैया : बाल दिवस पर 170 बच्चों को बांटे उपहार, योजनाओं की भी दी गयी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : बाल दिवस पर 170 बच्चों को बांटे उपहार, योजनाओं की भी दी गयी जानकारी


औरैया, 14 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को महिला कल्याण विभाग की ओर से ग्राम पंचायत तुर्कीपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और कंपोजिट विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अरसला नाज ने की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी ने बच्चों के साथ केक काटकर बाल दिवस मनाया। विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र के कुल 170 बच्चों को टिफिन, पानी की बोतल, टॉफी और फल वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बच्चों और अभिभावकों को विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इसमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के बारे में बताया गया।

इसके साथ ही जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं की सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1098, 181, 112, 1076, 108 और 1090 की जानकारी देकर आपात स्थिति में इनका उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, प्रधानाध्यापिका मिथिलेश कुमारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सीमा चौधरी, डीएमसी सपना देवी, स्मृति सिंह, अक्षय कुमार, अनुप कुमार, विद्यालय का स्टाफ और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776991 Articles

Share this story