औरैया : जनगणना के लिए फील्ड प्रशिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : जनगणना के लिए फील्ड प्रशिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू


जिलाधिकारी ने कहा- प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें, शुद्धता व पारदर्शिता से पूरा हो कार्य

औरैया, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के कार्य को सुचारु, व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में फील्ड प्रशिक्षकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी बृजेश कुमार की उपस्थिति में हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड प्रशिक्षकों को जनगणना कार्य से संबंधित प्रक्रियाओं, प्रपत्रों, तकनीकी पहलुओं और दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी देना है, ताकि वह आगे जनगणना कार्मिकों और फील्ड सुपरवाइजरों को प्रभावी प्रशिक्षण दे सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का महत्वपूर्ण आधार है। इसके आंकड़ों के आधार पर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं, नीतियों एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्माण और क्रियान्वयन में सहायता मिलती है। ऐसे में जनगणना कार्य में लगे प्रत्येक कार्मिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य की गुणवत्ता काफी हद तक कार्मिकों के प्रशिक्षण पर निर्भर करती है। सभी फील्ड प्रशिक्षक प्रशिक्षण को गंभीरता और मनोयोग से प्राप्त करें। प्रशिक्षण के दौरान किसी भी बिंदु पर शंका होने पर उसका तत्काल समाधान प्राप्त करें। साथ ही प्रशिक्षण में मिली जानकारी को जनगणना कार्मिकों और फील्ड सुपरवाइजरों तक सरल, स्पष्ट एवं व्यवहारिक तरीके से पहुंचाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक स्तर के कार्मिक को अपने दायित्व और कार्यप्रणाली की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए। फील्ड में निर्धारित प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन किया जाए। उन्होंने जनगणना कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता, समयबद्धता और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन पर विशेष जोर दिया।

प्रशिक्षण के दौरान फील्ड प्रशिक्षकों को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी जा रही है। इसमें जनगणना कार्मिकों और फील्ड सुपरवाइजरों की भूमिका व दायित्व, फील्ड में कार्य करने की प्रक्रिया, निर्धारित प्रपत्रों व प्रश्नावली को भरने की विधि, आवश्यक सावधानियां तथा फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान की जानकारी शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रशिक्षित फील्ड प्रशिक्षक जनगणना कार्मिकों एवं फील्ड सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे। इस प्रशिक्षण श्रृंखला के माध्यम से जनगणना कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों को उनके दायित्व और कार्यप्रणाली की आवश्यक जानकारी दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ संपादित किया जाए। फील्ड स्तर पर नागरिकों से समन्वय स्थापित करते हुए उन्हें जनगणना के महत्व की जानकारी भी दी जाए, जिससे प्रक्रिया में सभी का सहयोग मिल सके। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों की व्यावहारिक कठिनाइयों का समय से समाधान कराने और प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अविनाश चंद्र मौर्य, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी पवन तिवारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विपिन पाल, जनगणना मास्टर ट्रेनर्स और फील्ड सुपरवाइजर आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story