औरैया : जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना


औरैया, 10 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार नागरिकों को अपना जनगणना ब्योरा स्वयं दर्ज करने की सुविधा भी मिलेगी। स्व-गणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे। पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण कराया जाएगा। पांच जनवरी 2027 की मध्यरात्रि को जनगणना की संदर्भ तिथि निर्धारित की गई है।

स्व-गणना पूरी करने वाले प्रत्येक परिवार को एक स्व-गणना पहचान संख्या मिलेगी। परिवारों को इस संख्या को सुरक्षित रखना होगा और घर पहुंचने वाले प्रगणक को यह संख्या उपलब्ध करानी होगी।

जाति और राष्ट्रीयता के लिए नहीं मांगा जाएगा प्रमाणपत्र

जनगणना के दौरान जाति और राष्ट्रीयता से संबंधित जानकारी नागरिकों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर दर्ज की जाएगी। इसके लिए किसी व्यक्ति से प्रमाणपत्र अथवा अन्य दस्तावेज नहीं मांगे जाएंगे। जनगणना के दूसरे चरण में प्रत्येक परिवार से निर्धारित 40 सवाल पूछकर आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी।

जनगणना को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पेंटिंग, रंगोली, भाषण, निबंध, प्रश्नोत्तरी और प्रभात फेरी जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में वॉल पेंटिंग, बैनर-पोस्टर, होर्डिंग, कूड़ा संग्रहण वाहनों तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने छोटे जागरूकता वीडियो और डिजिटल प्रचार सामग्री तैयार कर सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीति निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बनते हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जनगणना संबंधी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story