भाकियू का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन, पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

WhatsApp Channel Join Now
भाकियू का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन, पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा


भाकियू का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन, पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

औरैया, 21 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय आह्वान पर मंगलवार को जिला मुख्यालय ककोर में किसानों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

भाकियू जिलाध्यक्ष विपिन राजपूत के नेतृत्व में जुटे किसानों ने खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने, समितियों पर सर्वर की समस्या दूर कराने तथा निजी दुकानों पर खाद की ओवररेटिंग और टैगिंग बंद कराने की मांग उठाई। किसानों ने कहा कि खाद वितरण व्यवस्था में सुधार कर किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराई जाए।

ज्ञापन में जिले की सभी माइनरों में टेल तक पानी पहुंचाने और नलकूपों के लिए पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। साथ ही भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को रद्द करने और पर्यावरणविद् की मांगों को स्वीकार करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक रिहा करने की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जल बचाओ, जंगल बचाओ, जमीन बचाओ और जय जवान, जय किसान के नारे लगाकर अपनी आवाज बुलंद की। भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र सिंह (सहार), हर्ष निगम (बिधूना), रामू राजपूत, सुरेश सिंह, सुभाष चंद, अमित राजपूत, रोहित कुमार, संतोष कुमार, प्रमोद कुमार, श्रीराम कुशवाहा, अनिल कुमार, राम कुमार, सुरेश चंद, समगत्याल, रविकांत, नरेश कुमार राजपूत, संत कुमार कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story