सेवा संकल्प अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं: कमलावती

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं: कमलावती


औरैया, 08 सितम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भाजपा जिला कार्यालय पर मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला में उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह ने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कमलावती सिंह ने कहा कि संगठन की शक्ति उसके कार्यकर्ताओं में निहित है। कार्यकर्ता ही भाजपा की पहचान हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं व संगठन की विचारधारा पहुंचाने का सबसे मजबूत माध्यम हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, संपर्क और संवाद को अभियान का मूल मंत्र बनाने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय मंत्री एवं जिला प्रवासी धीरेंद्र वर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और जरूरतमंदों की सहायता करना है। इससे जनकल्याण की भावना को और मजबूत किया जा सकेगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई व्यक्ति उपेक्षित न रहे, कोई परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न हो और समाज का कोई वर्ग विकास की मुख्यधारा से पीछे न छूटे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और उत्तर प्रदेश में भी जनकल्याण एवं विकास के अनेक कार्य किए जा रहे हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने कहा कि सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ यह भी सुनिश्चित करना जरूरी है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे।

कार्यशाला में अभियान संयोजक यशवीर सिकरवार, जिला महामंत्री विशाल शुक्ला, योगेंद्र कैथवार, भूरे चौबे, ऋषि पांडेय, इंद्रपाल पाल, अमरचंद राठौर, विमल दुबे, प्रतीक सिंह, आशीष दुबे, सुनील बाल्मीकि, रामजी बाजपेई, सर्वेंद्र भदौरिया, श्यामजी अवस्थी, प्रतिमा अवस्थी और रविंद्रीय शाक्य समेत पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story