भाजपा प्रदेश महामंत्री शंकर लोधी 25 अगस्त को आएंगे औरैया
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का प्रभारी बनाए जाने के बाद पहला दौरा, कार्यकर्ताओं में उत्साह
औरैया, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी(सपा) की प्रदेश टीम घोषित होने के बाद प्रदेश महामंत्री शंकर लोधी को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। क्षेत्रीय प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद शंकर लोधी पहली बार 25 अगस्त को औरैया पहुंचेंगे। उनके जनपद आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
भाजपा जिला कार्यालय तुर्कीपुर में रविवार काे आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश महामंत्री के स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त मंगलवार को दोपहर 2:30 बजे अनंतराम टोल प्लाजा पर प्रदेश महामंत्री शंकर लोधी का भव्य स्वागत एवं अगवानी की जाएगी। इसके बाद करीब तीन बजे मंडी समिति गेट पर भी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि स्वागत कार्यक्रम के बाद प्रदेश महामंत्री सीधे भाजपा जिला कार्यालय पहुंचेंगे। यहां वह पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ कार्यकर्ता परिचय बैठक करेंगे। इसके साथ ही कोर कमेटी के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी प्रस्तावित है। बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने सभी जिला पदाधिकारियों, मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर प्रदेश महामंत्री का भव्य स्वागत करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश महामंत्री के प्रथम जनपद आगमन को यादगार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
बैठक में जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार, जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे, युवा जिलाध्यक्ष मोनू सेंगर, सोशल मीडिया संयोजक सौरभ राजपूत, अनिल कठेरिया, अमन गुप्ता, आशीष कठेरिया, जगमोहन सिंह चौहान, देवेंद्र सेंगर सहित भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

