अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
औरैया, 06 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। सेंगर नदी स्थित जुआ पुल के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सत्यभान जाटव (38) पुत्र स्वर्गीय राजेश बाबू, निवासी किल्ली रोड, कस्बा बसरेहर, जनपद इटावा के रूप में हुई है। वह बुधवार को अपनी बाइक से थाना फफूंद क्षेत्र के कराही गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान सेंगर नदी के जुआ पुल के पास तिराहे पर पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल सत्यभान को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चिचोली अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अजीतमल कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

