औरैया में चैत्र नवरात्र में भागवत कथा का शुभारंभ, धूमधाम से निकली भव्य कलश यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में चैत्र नवरात्र में भागवत कथा का शुभारंभ, धूमधाम से निकली भव्य कलश यात्रा


औरैया, 20 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया के बाबरपुर कस्बे में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ के उपलक्ष्य में शुक्रवार काे भव्य कलश यात्रा धूमधाम से निकाली गई। कलश यात्रा का शुभारंभ संतोषी माता मंदिर स्थित कथा पंडाल से हुआ। यात्रा नगर के प्रमुख धार्मिक स्थलों मनकामेश्वर मंदिर, शीतला माता मंदिर, शनि मंदिर, हनुमान जी मंदिर तथा कोतवाली परिसर स्थित दुर्गा मंदिर से होते हुए पुनः कथा पंडाल में संपन्न हुई।

यात्रा में अलग-अलग रथों पर सजे भगवान के रूप में नन्हे-मुन्ने बच्चों की आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा। कलश यात्रा में भागवत की पोथी लेकर परीक्षित हरगोविंद गुप्ता व सुमन गुप्ता श्रद्धापूर्वक चल रहे थे। कथा का वाचन आचार्य पंडित जगमोहन त्रिपाठी के मुखारविंद से किया जाएगा।

यात्रा के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। आयोजन की व्यवस्थाओं में पवन पोरवाल, श्याम जी, जोनी पोरवाल, गजेंद्र महाराणा, राजीव गुप्ता, सतीश चौहान, सुनील कुमार, अभिषेक गुप्ता, शैलेन्द्र जैन, शिवा गुप्ता, रीबू पोरवाल, अरविंद सिसोदिया, बब्बन पोरवाल, रामू पोरवाल, अंकित पोरवाल, मनीष गुप्ता, राम अनुग्रह सिंह, हर्षित, चिराग पोरवाल, पारस पोरवाल सहित अनेक लोगों का सराहनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडे, अध्यक्ष प्रतिनिधि अखिलेश चक, पूर्व अध्यक्ष मदनलाल, सोनू सेंगर, रबीन्द्र पोरवाल, गौरव गुप्ता, रामचंद्र पोरवाल, यशवीर सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव पोरवाल, योगेंद्र गुप्ता, अनिल तिवारी, पंकज त्रिपाठी, गीता गुप्ता, विपिन सेंगर सहित नगर के गणमान्य लोगों का पट्टिका पहनाकर स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story