अनुशासन और अभ्यास से बढ़ता है आत्मविश्वास: डॉ. योगेंद्र मिश्र

WhatsApp Channel Join Now
अनुशासन और अभ्यास से बढ़ता है आत्मविश्वास: डॉ. योगेंद्र मिश्र


औरैया, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में शहर के गंगाराम बजाज एमयू गर्ल्स इंटर कॉलेज में शनिवार को एक दिवसीय योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठ योग प्रशिक्षक डॉ. योगेंद्र कुमार मिश्र ने करीब 100 छात्राओं को अनुशासन, नियमित अभ्यास और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी।

डॉ. मिश्र ने कहा कि अनुशासन और नियमित अभ्यास से ही आत्मविश्वास का निर्माण होता है। उन्होंने छात्राओं को बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से जीवनशैली से जुड़ी अनेक समस्याओं से बचा जा सकता है और स्वस्थ जीवन जीने में सहायता मिलती है।

शिविर के दौरान छात्राओं ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. मिश्र ने विस्तार से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने छात्राओं को प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या अनिता रानी ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन और निरंतर अभ्यास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्या अनिता रानी के अलावा विमल त्रिपाठी, बेबी तवस्सुम, गीता शुक्ला, संध्या तिवारी, धनीराम राठौर, दीपशिखा, नीतू गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। शिविर में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योगाभ्यास किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story