बलिदान जवान मोहित कुमार की मां को 50 लाख की अनुग्रह सहायता का स्वीकृति पत्र सौंपा

WhatsApp Channel Join Now
बलिदान जवान मोहित कुमार की मां को 50 लाख की अनुग्रह सहायता का स्वीकृति पत्र सौंपा


औरैया, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सियाचीन ग्लेशियर में ऑपरेशन मेघदूत के दौरान कर्तव्य पालन करते हुए बलिदान हुए जनपद के ग्राम जमौली (पोस्ट कंचौसी) निवासी सिपाही मोहित कुमार की मां ज्ञानवती को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 50 लाख रुपये की अनुग्रह आर्थिक सहायता का स्वीकृति पत्र जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में प्रदान किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि स्वीकृत धनराशि भारतीय स्टेट बैंक की ककोर शाखा के माध्यम से आरटीजीएस द्वारा ज्ञानवती के बैंक खाते में भेज दी गई है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने शहीद के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शहीद जवानों के परिजनों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा पात्र आश्रितों को नियमानुसार आर्थिक सहायता समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि शहीदों के परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके।

उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनके परिवारों का सम्मान एवं सहयोग सरकार की प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story