प्रतापपुर ओवरब्रिज के पास डीसीएम की टक्कर में चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
प्रतापपुर ओवरब्रिज के पास डीसीएम की टक्कर में चालक की मौत


औरैया, 08 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर प्रतापपुर ओवरब्रिज के पास शुक्रवार देर रात आवारा गोवंश के कारण दो डीसीएम की भिड़ंत हो गई। हादसे में पीछे चल रही डीसीएम के चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कानपुर देहात के हाथूमा गांव निवासी 20 वर्षीय विशाल पुत्र ऊदल कुमार कानपुर के स्वरूप नगर स्थित भोले बाबा मिल्क फूड इंडस्ट्रीज लिमिटेड से घी लादकर डीसीएम से आगरा जा रहे थे। प्रतापपुर ओवरब्रिज के पास उनके आगे चल रही डीसीएम में सवार इटावा निवासी श्याम सुंदर कानपुर से टाइल्स पाउडर लादकर ग्वालियर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर गौवंश आ जाने से श्याम सुंदर ने डीसीएम में इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए।

अचानक ब्रेक लगने से पीछे तेज गति से आ रही विशाल की डीसीएम अनियंत्रित होकर आगे चल रही डीसीएम से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विशाल डीसीएम के क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गए। हादसे की सूचना पर अजीतमल पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद विशाल को केबिन से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना पर सीओ अजीतमल मनोज गंगवार और कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि डीसीएम चालक विशाल की मौत हुई है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। दूसरे चालक श्याम सुंदर से पूछताछ की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story