हाईवे पर पार्सल कंटेनर की डंपर से भिड़ंत, चालक समेत तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
हाईवे पर पार्सल कंटेनर की डंपर से भिड़ंत, चालक समेत तीन घायल


औरैया, 17 (हि .स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जनेतपुर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानपुर से दिल्ली जा रहा पार्सल कंटेनर डीसीएम ट्रक आगे चल रहे अज्ञात डंपर से टकरा गया। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और नेशनल हाईवे टीम ने राहत कार्य चलाकर यातायात को सामान्य कराया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 2 :02 बजे कोतवाली औरैया पुलिस को सूचना मिली कि जनेतपुर गांव के सामने हाईवे पर एक कंटेनर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही सीसीटी प्रथम कोतवाली औरैया तथा चौकी इण्डियन ऑयल प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

जांच में पता चला कि पार्सल कंटेनर डीसीएम ट्रक कानपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक सुरेन्द्र कुमार (58) पुत्र चन्द्रशेखर निवासी कोरू जलालपुर, थाना मंगलपुर, जनपद कानपुर देहात को नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक आगे चल रहे अज्ञात डंपर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में चालक सुरेन्द्र कुमार के अलावा ट्रक में सवार सोनू शर्मा पुत्र चरण सिंह तथा कृष्णा पुत्र हृदेश कुमार निवासी ग्राम रैपुरा, थाना रामगढ़, जनपद फिरोजाबाद घायल हो गए। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से तीनों घायलों को उपचार के लिए 50 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय औरैया भेजा गया। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि घायलों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।

दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे टीम ने क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया, जिससे हाईवे पर यातायात प्रभावित न हो। पुलिस अज्ञात डंपर की पहचान करने में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story