औरैया में शुरू हुआ पहला आधुनिक आधार सेवा केंद्र, अब एक ही जगह मिलेंगी सभी आधार सेवाएं

WhatsApp Channel Join Now

औरैया, 06 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में आधार कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन कराने के लिए अब औरैया के लोगों को अलग-अलग केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने जनपद का पहला आधुनिक आधार सेवा केंद्र शुरू कर दिया है। यह केंद्र तिलक नगर (दक्षिण) स्थित इटावा बाईपास रोड, खानपुर चौराहा के पास संचालित किया जा रहा है।

केंद्र प्रभारी ने बताया कि यहां प्रतिदिन 250 से 300 लोगों के आधार नामांकन और अपडेट से जुड़े कार्य किए जा सकेंगे।

केंद्र को पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर विकसित किया गया है, जहां प्रशिक्षित कर्मचारियों के साथ आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध हैं। नागरिकों के लिए प्रतीक्षालय, हेल्पडेस्क और टोकन आधारित सेवा व्यवस्था भी की गई है।

इस केंद्र पर नया आधार बनवाने के साथ-साथ नाम, पता, जन्मतिथि, लिंग, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, फोटो और बायोमेट्रिक अपडेट सहित आधार से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगी। इससे लोगों का समय बचेगा और उन्हें इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित रहेगा। ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे निर्धारित समय पर बिना लंबी प्रतीक्षा के सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आधार संबंधी कार्य केवल अधिकृत यूआईडीएआई सेवा केंद्र पर ही कराएं, ताकि सुरक्षित और विश्वसनीय सेवाएं प्राप्त हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story