खेत में मिला 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव, मिर्गी का दौरा पड़ने से मौत की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
खेत में मिला 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव, मिर्गी का दौरा पड़ने से मौत की आशंका


औरैया, 14 जून (हि . स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव रठगांव में सहसपुर मोड़ के पास एक खेत में शनिवार रात 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर अरविंद कुमार गुप्ता (60) पुत्र रामचंद्र गुप्ता निवासी धूपकरी, थाना सहायल के रूप में की।

पंप के पीछे पड़ा मिला शव

शनिवार रात करीब 8:30 बजे रठगांव निवासी रामसेवक शर्मा के खेत में लगे पंप के पीछे ग्रामीणों ने एक वृद्ध को मृत अवस्था में पड़ा देखा। खेत में शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर क्षेत्राधिकारी पी. पुनीत मिश्रा और कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

मौके पर पहुंचे मृतक के पुत्र हर्षित कुमार ने शव की पहचान अपने पिता अरविंद कुमार गुप्ता के रूप में की। हर्षित ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था। वह अपनी बहन ज्योति के घर ग्राम भटौली आए हुए थे।

परिजनों के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10 बजे अरविंद कुमार शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। रात में उनका शव रठगांव के पास खेत में मिला।

दौरा पड़ने से हुई मौत की आशंका

परिजनों का मानना है कि खेतों की ओर जाते समय उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा होगा या अचानक तबीयत बिगड़ने से वह खेत में मुंह के बल गिर गए। समय पर सहायता और उपचार न मिलने के कारण उनकी मौत हो गई होगी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story