औरैया में डॉ. सौरभ आत्महत्या प्रकरण में दो अस्पताल सीज, संचालकों में मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में डॉ. सौरभ आत्महत्या प्रकरण में दो अस्पताल सीज, संचालकों में मचा हड़कंप


औरैया, 18 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र में डॉ. सौरभ बाजपेई आत्महत्या प्रकरण में प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तिलक नगर स्थित रामऔतार मेमोरियल हॉस्पिटल समेत दो निजी अस्पतालों को सीज कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पतालों में फायर सेफ्टी, पंजीकरण और अन्य आवश्यक मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर यह कार्रवाई की गई। इससे जिले के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया।

डिप्टी सीएमओ डॉ. राकेश सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस बल के साथ तिलक नगर पहुंची। टीम ने दोनों अस्पतालों का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पतालों में फायर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। साथ ही पंजीकरण संबंधी अभिलेख और अन्य जरूरी मानकों का भी पालन नहीं पाया गया। इसके बाद दोनों अस्पतालों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान कोतवाल राजकुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। फायर विभाग के अधिकारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

गौरतलब है कि डॉ. सौरभ बाजपेई आत्महत्या प्रकरण में रामऔतार मेमोरियल हॉस्पिटल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए थे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल संचालक एसपी सिंह और उनके जीजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

डिप्टी सीएमओ डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि जिले में बिना मानकों के संचालित अस्पतालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन अस्पतालों में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस डॉ. सौरभ बाजपेई आत्महत्या प्रकरण की सभी पहलुओं से गहन जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story