चक्की कारखाने में सेंध लगाकर दो बैटरियां, नकदी व औजार चोरी

WhatsApp Channel Join Now
चक्की कारखाने में सेंध लगाकर दो बैटरियां, नकदी व औजार चोरी


चक्की कारखाने में सेंध लगाकर दो बैटरियां, नकदी व औजार चोरी


औरैया, 26 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के फुटेकुआ चौराहे पर स्थित तेल पिराई एवं आटा चक्की कारखाने में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी।

मौहारी निवासी शरन सिंह कुशवाहा पुत्र अर्जुन सिंह अपने भाई बबलू के साथ फुटेकुआ चौराहे पर तेल पिराई एवं आटा चक्की का कारखाना संचालित करते हैं। रोजाना की तरह गुरुवार शाम को वह कारखाना बंद कर घर चले गए थे। रात में वह भदसान में आयोजित भंडारे में शामिल होने के बाद अपने घर लौट गए।

शुक्रवार सुबह पड़ोसी रामसिंह सेंगर अपने पशुबाड़े में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कारखाने के खुले गेट पर पड़ी। उन्होंने अपने पुत्र से शरन सिंह को फोन कर इसकी सूचना दिलवाई। मौके पर पहुंचे शरन सिंह ने देखा कि चोर जीने की चौथी सीढ़ी के पास दीवार काटकर कारखाने के अंदर घुसे थे।

पीड़ित के अनुसार चोर कारखाने से दो बड़ी बैटरियां, रिंच सहित अन्य औजार तथा गुल्लक में रखे करीब 5,200 रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना के समय उनके दूसरा भाई रिश्तेदारी में गया हुआ था।

सूचना पर पहुंची कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story