उप्र के जालौन में मेफेड्रोन बनाने वाली लैब का भंडाफोड़, करोड़ों का नशीला पदार्थ बरामद

WhatsApp Channel Join Now
उप्र के जालौन में मेफेड्रोन बनाने वाली लैब का भंडाफोड़, करोड़ों का नशीला पदार्थ बरामद


डीआरआई और यूपी एटीएस की संयुक्त कार्रवाई, महाराष्ट्र के संतोष समेत दो गिरफ्तार

जालौन, 29 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने उत्तर प्रदेश एटीएस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर जालौन जिले में मेफेड्रोन (एमडी) बनाने वाली कथित अवैध लैब का भंडाफोड़ किया है। डकोर थाना क्षेत्र के ऐरी रमपुरा गांव में खेतों के बीच संचालित इस लैब से करोड़ों रुपये मूल्य का नशीला पदार्थ बरामद किए जाने की सूचना है। मामले में महाराष्ट्र निवासी संतोष और एक स्थानीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

एटीएस के मुताबिक, ऐरी रमपुरा गांव में गुलाब जल बनाने की आड़ में मादक पदार्थ तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर डीआरआई और यूपी एटीएस ने संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई में एटीएस की दो कंपनियों के साथ खुफिया एजेंसियों की टीमें भी शामिल रहीं। देर रात शुरू हुई छापेमारी के दौरान घर और फैक्ट्री की तलाशी ली गई।

कार्रवाई के दौरान मेफेड्रोन के अवैध निर्माण और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों, मादक पदार्थ की आपूर्ति और उसके वितरण नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

मेफेड्रोन एक सिंथेटिक उत्तेजक मादक पदार्थ है, जिसे आमतौर पर एमडी के नाम से जाना जाता है। अवैध बाजार में इसकी कीमत काफी अधिक बताई जाती है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इसकी एक किलोग्राम मात्रा की कीमत 30 से 50 लाख रुपये तक हो सकती है। हालांकि, जालौन में बरामद पदार्थ की वास्तविक मात्रा और कुल कीमत के संबंध में आधिकारिक विवरण सामने आना बाकी है।

डीआरआई और यूपी एटीएस की संयुक्त कार्रवाई के बाद मामले की जांच जारी है। एजेंसियां कथित अवैध लैब के संचालन, मादक पदार्थ के निर्माण और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769099 Articles

Share this story