अटल जन्म शताब्दी सेवा और संवेदना का संकल्प : प्रकाश पाल
कानपुर, 28 दिसम्बर (हि.स.)। अटल जी की जन्म शताब्दी केवल स्मरण का अवसर नहीं है, बल्कि उनके विचारों को सेवा और संवेदना के माध्यम से समाज में उतारने का संकल्प है। इसी उद्देश्य से सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुंचाई जा रही है। यह बातें रविवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।
अटल जन्मजयंती शताब्दी समारोह अभियान के अंतर्गत अटल स्मृति सामाजिक संस्था द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस क्रम में नेहरू नगर स्थित अंध विद्यालय में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों को भाजपा
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, संस्था अध्यक्ष नंदिता मिश्रा, संयोजक सुमित मिश्रा द्वारा कंबल एवं मिष्ठान का वितरण किया गया। जिसका संचालन संजय श्रीवास्तव जिला संयोजक भाजपा ने किया।
भाजपा पदाधिकारियाें ने दिव्यांग बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी का सम्पूर्ण जीवन समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण को समर्पित रहा। अंत्योदय की भावना ही उनकी राजनीति और चिंतन का मूल आधार थी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रशासन एवं संस्था के पदाधिकारियों ने अटल स्मृति सामाजिक संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और दिव्यांग बच्चों का मनोबल बढ़ाते हैं।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि 70 दिव्यांग बच्चों को गर्म कम्बल व मिष्ठान वितरित की गई। कार्यक्रम में युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवांग मिश्रा, शेखर मिश्रा, सौरभ शर्मा, राजीव दीक्षित, वीरेन्द्र प्रताप सिंह, कपिल बाजपेई प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

