अटल जी के आदर्शों पर चलकर राष्ट्रसेवा का संकल्प लें : रमेश अवस्थी
कानपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे अजातशत्रु थे, जिन्होंने राजनीति को वैचारिक ऊंचाई, मर्यादा और राष्ट्रहित की नई दिशा दी। उनका जीवन संघर्ष, सिद्धांत, राष्ट्रभक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, विकास और सुशासन को नई गति दी।
यह बातें रविवार को कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कहीं। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भाजपा कानपुर उत्तर के नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अटल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने ओजस्वी वक्तृत्व और दूरदर्शी नेतृत्व से देश को नई पहचान दिलाई। उन्होंने मजबूत भारत की नींव को और सुदृढ़ किया। विपक्ष में रहते हुए भी अटल जी ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल भाजपा के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लोकप्रिय और सर्वमान्य नेता थे। उनका व्यक्तित्व भारतीय राजनीति की अमूल्य धरोहर है। उनके विचार और आदर्श आज भी कार्यकर्ताओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने अटल जी के बताए मार्ग पर चलने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा में भारत माता की जय और अटल बिहारी वाजपेयी अमर रहें के जयघोष भी लगाए गए। कार्यक्रम में जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष सीमा एमबीए, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जिला मंत्री सुरेंद्र गुप्ता, रीता पासवान और राधा सैनी समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

