विधिक सेवा शिविर में लाभार्थियों को बांटे सहायता उपकरण

WhatsApp Channel Join Now
विधिक सेवा शिविर में लाभार्थियों को बांटे सहायता उपकरण


- बीएचयू साउथ कैंपस में आयोजित शिविर में विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी वितरित

मीरजापुर, 01 नवंबर (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रविवार को बीएचयू साउथ कैंपस बरकछा में मेगा विधिक जागरूकता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को सहायता सामग्री और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रयास है कि आमजन को कानूनी सहायता के साथ ही उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिले। इससे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत होगी।

शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी और श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के स्वीकृति पत्र भी दिए गए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, बाल सेवा, स्पॉन्सरशिप और निराश्रित महिला पेंशन योजना के लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराई गई। गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की गई, जबकि युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए प्रवेश पत्र दिए गए। मत्स्य, कृषि और उद्योग विभाग की योजनाओं के लाभार्थी भी शिविर से लाभान्वित हुए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पराविधिक स्वयंसेवकों ने गांवों में अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों को चिह्नित किया था। शिविर में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह और प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story