विकास भवन में शुरू हुआ सहायक निबन्धक फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स फंड कार्यालय

WhatsApp Channel Join Now

मीरजापुर, 17 जून (हि.स.)। जनपद के नागरिकों, संस्थाओं एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुविधा के लिए सहायक निबन्धक, फर्म्स सोसाइटीज एवं चिट्स, विन्ध्याचल मंडल, मीरजापुर का कार्यालय अब विकास भवन के कक्ष संख्या-42 में संचालित होने लगा है। कार्यालय शुरू होने से सोसाइटी एवं फर्म से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए लोगों को आसानी होगी।

कार्यालय द्वारा सोसाइटी पंजीकरण, सोसाइटी नवीनीकरण, फर्म पंजीकरण सहित अन्य संबंधित कार्यों का संपादन किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अब जनपद के नागरिक एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि अपने आवश्यक प्रकरणों के निस्तारण के लिए सीधे विकास भवन स्थित कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्यालय का संचालन विकास भवन में शुरू कर दिया गया है। इससे सोसाइटी और फर्मों से जुड़े कार्यों के निष्पादन में पारदर्शिता और सुगमता आएगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि संबंधित कार्यों के लिए विकास भवन स्थित कार्यालय से संपर्क कर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं।

प्रशासन की ओर से सर्वसाधारण को सूचित किया गया है कि फर्म एवं सोसाइटी से संबंधित सभी आवश्यक कार्य अब विकास भवन, कक्ष संख्या-42 में संचालित कार्यालय के माध्यम से संपन्न किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story