उप्र विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने आइसलैंड की संसद में की लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय कार्यप्रणाली की चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
उप्र विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने आइसलैंड की संसद में की लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय कार्यप्रणाली की चर्चा


उप्र विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने आइसलैंड की संसद में की लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय कार्यप्रणाली की चर्चा


-भारत-आइसलैंड के बीच संसदीय एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने पर हुई चर्चा

लखनऊ, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने आइसलैंड की राजधानी रेक्याविक में आइसलैंड की संसद की अध्यक्ष थोरुन स्वेइनब्यॉर्नार्दोत्तिर तथा विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष पावेल बार्तोज्की से मुलाकात की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना के कार्यालय से दी गयी जानकारी के अनुसार इस मुलाकात के दौरान भारत और आइसलैंड की संसदीय व्यवस्थाओं, लोकतांत्रिक परंपराओं तथा विधायी कार्यप्रणाली को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। अध्यक्ष सतीश महाना ने दोनों देशों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय संस्थाओं के माध्यम से आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने पर जोर दिया।

महाना ने युवाओं के बीच संवाद एवं आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी लोकतंत्र की महत्वपूर्ण शक्ति है और विभिन्न देशों के युवाओं के बीच संसदीय एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान से लोकतांत्रिक समझ और आपसी सहयोग को नई दिशा मिल सकती है। अध्यक्ष सतीश महाना ने आइसलैंड की संस्कृति मंत्री एवं संसद की अध्यक्ष के साथ हुई बातचीत में भारत और आइसलैंड की साझा सांस्कृतिक विरासत, विधायी परंपराओं, व्यापारिक संबंधों तथा दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करने के विषय पर चर्चा की। उन्होंने आइसलैंड के प्रतिनिधियों को भारत और उत्तर प्रदेश आने का निमंत्रण भी दिया।

बैठक में दोनों देशों के बीच संसदीय सहयोग, सांस्कृतिक संबंधों, व्यापारिक संपर्क और युवा आदान-प्रदान को बढ़ाने की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई। यह संवाद भारत और आइसलैंड के साझा लोकतांत्रिक मूल्यों तथा पारस्परिक सम्मान पर आधारित संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story